भाजपा कार्यालय का विधिवत पूजन कर उद्घाटन, मंत्री बोले- साफ छवि और योग्य कार्यकर्ताओं को मिलेगा टिकट
टोडारायसिंह (टोंक)। टोडारायसिंह में जयपुर रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का रविवार सुबह 9:15 बजे कैबिनेट मंत्री एवं जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी की अध्यक्षता में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उद्घाटन किया गया। मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि परिसीमन के बाद टोडारायसिंह नगरपालिका में 35 वार्ड हैं। भाजपा का लक्ष्य सभी वार्डों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ना और अधिक से अधिक सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों को विजयी बनाकर नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाना है।
उन्होंने कहा कि इस बार टिकट वितरण में प्रत्याशी की साफ छवि, वार्ड में पहचान और जनसेवा के भाव को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी वार्डों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो घर-घर जाकर संभावित उम्मीदवारों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग्य, ईमानदार एवं साफ छवि वाले कार्यकर्ताओं को टिकट देने का प्रयास किया जाएगा। इस बार चुनाव में कई नए चेहरे भी सामने आ सकते हैं।
मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि टिकट किसी भी कार्यकर्ता को मिले, सभी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए कार्य करना है। उन्होंने शहरवासियों से भी भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देकर विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संतकुमार जैन, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर, भाजपा शहर अध्यक्ष सुनील भारत शर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष भरतलाल सैनी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष उज्ज्वल गौतम (तोषी) एवं भाजयुमो शहर अध्यक्ष अनुज जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


