महंगाई और बारिश की मार के बीच रक्षाबंधन की रौनक, राखी बाजार में उमड़ी महिलाओं की भीड़
नारियल 30 से 35 रुपए नग और गोला 400 रुपए किलो तक बिका, शुक्रवार को भद्रा नहीं होने से सुबह से रहेगा राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
टोडारायसिंह (टोंक)। बहन-भाई के पवित्र त्योहार रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार को टोडारायसिंह के बाजारों में रौनक दिखाई दी। राखी की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ रही, वहीं परचूनी दुकानों पर नारियल और गोला खरीदने के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही। हालांकि इस बार महंगाई के साथ बारिश की मार का असर भी बाजार में साफ नजर आया।
कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में नारियल पानी वाला 30 से 35 रुपए प्रति नग, जबकि गोला 400 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद बहनों में भाइयों के लिए राखी खरीदने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। बाजार में विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियां महिलाओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
पंडितों के अनुसार शुक्रवार को भद्रा नहीं होने के कारण सुबह से ही रक्षाबंधन पर राखी बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा। इसे लेकर लोगों ने पर्व की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
वहीं राज्य सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने के आदेश जारी किए हैं। इससे रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है।


