गांव-गांव पहुंचे मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, भाजपा के पक्ष में मांगा समर्थन
चौसला, बम्बोरी, अजमेरी और अरनिया कांकड़ में जनसंपर्क; ग्रामीणों से बोले—मजबूत पंचायतों से ही तेज होगा गांवों का विकास
मालपुरा (टोंक)। पंचायती राज चुनाव को लेकर मालपुरा एवं निवाई विधानसभा क्षेत्र में सियासी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही भाजपा ने भी अपना चुनावी संपर्क अभियान तेज कर दिया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील की।
मंत्री चौधरी ने चौसला, बम्बोरी, अजमेरी एवं अरनिया कांकड़ में जनसंपर्क कर ग्रामीणों, वरिष्ठजनों, किसानों और युवाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांवों की समस्याओं, स्थानीय आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। चुनावी संपर्क के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की सक्रियता भी नजर आई।
जनसंपर्क के दौरान मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने मजबूत पंचायत व्यवस्था को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताते हुए भाजपा की नीतियों और विचारधारा को ग्रामीणों के सामने रखा। उन्होंने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब पंचायतें मजबूत हों और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिले।
कमल के निशान पर मतदान की अपील
चुनावी माहौल के बीच मंत्री चौधरी ने ग्रामीणों से आगामी पंचायती राज चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और कमल के फूल के चुनाव चिह्न पर वोट देकर भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन दें।
मंत्री के गांव-गांव जनसंपर्क को पंचायती राज चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान को मजबूती देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। मालपुरा एवं निवाई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में अब दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने से चुनावी मुकाबला स्थानीय स्तर पर और तेज होता दिखाई दे रहा है।


