पचेवर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, घासीलाल का कन्हैया लाल पर हमला
पेयजल संकट को लेकर जलदाय मंत्री पर तंज, गोपाल गुर्जर बोले—तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान बैठाकर ही दम लेंगे
मालपुरा (टोंक)। पंचायती राज चुनाव के बीच मालपुरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने चुनावी गतिविधियों को तेज करते हुए पचेवर क्षेत्र में अपना सियासी दमखम दिखाया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मालपुरा के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे घासीलाल चौधरी एवं गोपाल गुर्जर ने पंचायत समिति पचेवर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सघन जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में ग्रामीणों से वोट की अपील की। जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और पंचायत समिति सदस्य (सीआर) एवं जिला परिषद सदस्य (डीआर) पदों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं का जनसंपर्क अभियान देशमी, देशमा, पिपल्या, मलिकपुर, गनवर, बरोल, बापुन्दा और आंटोली सहित विभिन्न गांवों में पहुंचा। गांवों में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पहुंचने पर स्थानीय स्तर पर चुनावी माहौल भी गरमाता नजर आया। नेताओं ने ग्रामीणों से कहा कि पंचायती राज संस्थाएं गांव के विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए मजबूत जनप्रतिनिधियों का चयन जरूरी है।
पेयजल मुद्दे पर घासीलाल का कन्हैया लाल पर निशाना
जनसंपर्क के दौरान घासीलाल चौधरी ने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी पर राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब क्षेत्र का प्रतिनिधि ही जलदाय मंत्री है, इसके बावजूद मालपुरा विधानसभा क्षेत्र के लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने पेयजल संकट को लेकर सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पर्याप्त और नियमित पेयजल चाहिए।
घासीलाल के इस बयान को पंचायती राज चुनाव के बीच कांग्रेस के चुनावी अभियान में स्थानीय मुद्दों को धार देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। पेयजल के साथ गांवों की अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद किया।
गोपाल गुर्जर का बड़ा सियासी दावा
वहीं गोपाल गुर्जर ने चुनावी सभा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की तीनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का प्रधान बैठाकर ही दम लेंगे। उनके इस बयान से साफ है कि कांग्रेस ने पंचायती राज चुनाव को केवल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों तक सीमित नहीं रखते हुए प्रधान पद तक की सीधी सियासी लड़ाई के रूप में देखना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक मजबूती से जुटने और अधिक से अधिक मतदाताओं से संपर्क करने का आह्वान किया। जनसंपर्क के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पंचायती राज चुनाव को लेकर अब मालपुरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी मुकाबला लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है।


