घासीलाल चौधरी-गोपाल गुर्जर की जोड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, प्रचंड बहुमत पर व्यास सर्किल आतिशबाजी से गूंजा!
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की शानदार सफलता पर मालपुरा में विजय उत्सव, कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर मनाई जीत की खुशी
मालपुरा (टोंक)। पंचायतराज चुनाव 2026 के परिणामों ने मालपुरा विधानसभा क्षेत्र की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। मालपुरा, टोडारायसिंह एवं पचेवर पंचायत समिति क्षेत्रों में कांग्रेस को मिली शानदार सफलता के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। चुनावी नतीजों को कांग्रेस के पक्ष में मिले जनसमर्थन के रूप में देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मालपुरा के तत्वावधान में शहर के व्यास सर्किल पर भव्य विजय उत्सव आयोजित किया गया। यहां आतिशबाजी, मिठाइयों और नारों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे घासीलाल चौधरी एवं गोपाल गुर्जर के नेतृत्व में मिली इस सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के प्रति उत्साह जाहिर किया। व्यास सर्किल पर एकत्रित हुए कांग्रेसजनों ने जमकर आतिशबाजी की तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। जश्न के दौरान पूरा माहौल कांग्रेस के नारों और उत्साह से सराबोर नजर आया।
गौरतलब है कि पचेवर, मालपुरा और टोडारायसिंह की तीनों पंचायत समितियों की कुल 45 सीटों में कांग्रेस ने 24 सीटें जीतकर स्पष्ट बढ़त हासिल की है, जबकि भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई। आरएलपी को 5 और निर्दलीय को एक सीट मिली। इन परिणामों ने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस सफलता को संगठन की एकजुटता, नेतृत्व की रणनीति और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जनता ने कांग्रेस के पक्ष में अपना विश्वास जताया है और यह जीत आने वाले समय में संगठन को और मजबूती प्रदान करेगी।
वहीं, व्यास सर्किल पर आयोजित विजय उत्सव में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी साझा की। अब पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव को लेकर भी कांग्रेस खेमे में उम्मीदें बढ़ गई हैं। चुनावी जीत के बाद मालपुरा क्षेत्र में कांग्रेस का यह शक्ति प्रदर्शन आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


