सच इंडिया नेटवर्क की खबर का असर, बिजली विभाग ने हटाए बबूल
11 केवी लाइन के क्षतिग्रस्त पोल के आसपास की गई सफाई, जल्द लगेगा नया पोल
देवली (टोंक)। उपखंड क्षेत्र के पनवाड़ ग्राम में मस्जिद के पीछे वाले रास्ते से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के क्षतिग्रस्त पोल और उसके आसपास फैले बबूलों की समस्या को लेकर सच इंडिया नेटवर्क द्वारा प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। खबर प्रकाशित होने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विद्युत पोल के आसपास उगे बबूलों को काटकर सफाई करवाई।
ग्रामीणों के अनुसार विद्युत पोल काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में था और पूरी तरह बबूलों से घिरा हुआ था। इससे विद्युत लाइन के संपर्क में आने से ग्रामीणों एवं पशुओं के लिए करंट का खतरा बना हुआ था। मामले को लेकर सच इंडिया नेटवर्क ने विभाग का ध्यान आकर्षित करते हुए खबर प्रकाशित की थी।
खबर के बाद बिजली विभाग ने तत्परता दिखाते हुए टीम को मौके पर भेजा और पोल के आसपास की झाड़ियों एवं बबूलों को हटाकर रास्ते की सफाई करवाई।
लाइनमैन रामबाबू ने बताया कि क्षतिग्रस्त पोल को बदलने के लिए AEN से बातचीत की जाएगी तथा जल्द ही नया पोल लगवाने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए सच इंडिया नेटवर्क का आभार जताया।


