पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत से गदगद घासीलाल चौधरी, बोले- यह मेरी नहीं, जनता के विश्वास और आशीर्वाद की जीत!
मालपुरा-टोडारायसिंह में कांग्रेस की सफलता पर मतदाताओं का जताया आभार, कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर मनाई खुशी
मालपुरा/टोडारायसिंह (टोंक)। पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस को मिली शानदार सफलता के बाद मालपुरा-टोडारायसिंह विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है। चुनाव परिणामों के बाद विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे घासीलाल चौधरी ने क्षेत्र के समस्त मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए इस जीत को जनता के विश्वास, समर्थन और आशीर्वाद की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस को मिला जनसमर्थन किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता, समर्थक और मतदाता की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
घासीलाल चौधरी ने कहा कि मालपुरा-टोडारायसिंह क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ कांग्रेस का साथ दिया है, वह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जनता का यह समर्थन उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता की आवाज उठाना, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से सामने लाना और उनके विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
कांग्रेस की जीत की खुशी में युवा नेता बी.एल. चौधरी देशमा एवं प्रदेश संयुक्त सचिव रामधन जाट ने घासीलाल चौधरी को मिठाई खिलाकर बधाई दी और खुशी जाहिर की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि पचेवर, मालपुरा और टोडारायसिंह की तीनों पंचायत समितियों की कुल 45 सीटों में कांग्रेस ने 24 सीटें जीतकर बढ़त बनाई है, जबकि भाजपा को 15 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इन परिणामों के बाद क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता और आगामी प्रधान चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
घासीलाल चौधरी ने अंत में सभी मतदाताओं, कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

