मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, घी और मावे के लिए नमूने
‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत बरवास और टोडारायसिंह में निरीक्षण, दुकानदार को नोटिस
टोडारायसिंह (टोंक)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत गुरुवार को बरवास और टोडारायसिंह क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर घी एवं मावे के नमूने लिए। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने बरवास स्थित शर्मा जनरल स्टोर से धेनु सरस घी तथा टोडारायसिंह के जगदम्बा मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना लिया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बरवास के साहू किराना स्टोर पर निरीक्षण के दौरान दुकानदार के दुकान छोड़कर चले जाने पर विभाग की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा अवधिपार खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है।


