“मुझको राणा जी माफ करना… गलती म्हारा सूं हो गई!”
सांड बाबा के मेले में लोक संस्कृति को लगा फिल्मी तड़का, ‘लैला’ के बीच खो गई राजस्थानी कला की पहचान!
कहते हैं कि किसी शहर की पहचान उसकी ऐतिहासिक विरासत, परंपराओं और संस्कृति से होती है। लेकिन ऐतिहासिक राजा हरिसिंह की नगरी लाम्बा हरिसिंह में नगर पालिका बनने के बाद पहले ही बड़े आयोजन में संस्कृति की ऐसी नई परिभाषा देखने को मिली कि लोग सोचने लगे—यह सांड बाबा का मेला है या फिल्मी गानों का कोई डांस शो!
मंच से गूंजे बोल—’लैला मैं लैला…’, ‘दीवानी मैं दीवानी…’ और फिर ‘मुझको राणा जी माफ करना, गलती म्हारा सूं हो गई…’। अब राणा जी से माफी किस गलती की मांगी जा रही थी, यह तो गाना गाने और कार्यक्रम कराने वाले ही बता सकते हैं, लेकिन इतना जरूर है कि इस आयोजन ने सवालों की ऐसी झड़ी लगा दी कि जवाब ढूंढना अब पालिका प्रशासन के लिए जरूरी हो गया है।

सांड बाबा का मेला कोई साधारण मनोरंजन मेला नहीं है। यह लोक आस्था, विश्वास और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे मेले में उम्मीद थी कि राजस्थान के लोक कलाकारों को मंच मिलेगा। घूमर, चरी, कालबेलिया, भवाई और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां होंगी। स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा सामने आएगी और नई बनी नगर पालिका अपनी सांस्कृतिक पहचान स्थापित करेगी। लेकिन लगता है आयोजकों की सांस्कृतिक डायरी में लोकगीतों के पन्ने कम और फिल्मी गानों की प्लेलिस्ट ज्यादा भारी थी।
हैरानी की बात यह भी रही कि कार्यक्रम में तीन-तीन नगर पालिकाओं के भाजपा पालिकाध्यक्ष मौजूद थे। एक ऐतिहासिक राजा मालदेव की नगरी से और दूसरे धर्मनगरी डिग्गी से। भाजपा भारतीय संस्कृति और राजस्थानी विरासत को बढ़ावा देने की बात करती है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि लोक कलाकारों को नजरअंदाज कर फिल्मी गानों पर प्रस्तुतियां देना किस सांस्कृतिक सोच का हिस्सा था?
उधर, कार्यक्रम में पालिका प्रशासन और पालिकाध्यक्ष की भूमिका से ज्यादा चेयरमैन पति की सक्रियता की चर्चाएं भी सुनाई दीं। अब यह नगर पालिका का आयोजन था, इसलिए जनता जानना चाहेगी कि आयोजन की जिम्मेदारी किसकी थी, फैसले कौन ले रहा था और सांस्कृतिक कार्यक्रम की रूपरेखा किसने तय की थी? क्योंकि पालिका का तमगा तो महिला अध्यक्ष को मिला है, लेकिन आयोजन की कमान किसके हाथ में रही, यह भी चर्चा का विषय बन गया।
लाम्बा हरिसिंह को नगर पालिका बनने पर बधाई, लेकिन नई पहचान बनाने के लिए केवल मंच, माइक और रोशनी काफी नहीं होते। संस्कृति का अर्थ केवल नाच-गाना नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परंपरा और विरासत का सम्मान भी होता है।

आखिर में बस इतना ही—सांड बाबा के मेले में ‘लैला’ जरूर आई, ‘दीवानी’ भी खूब थिरकी, लेकिन राजस्थानी लोक संस्कृति मंच पर अपनी बारी का इंतजार ही करती रह गई! अब पालिका प्रशासन बताए कि गलती म्हारा सूं हो गई… या फिर संस्कृति की परिभाषा ही बदल गई?

