शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में नामांकन से लेकर स्कूल सुरक्षा तक हुई समीक्षा
टोडारायसिंह में जिला स्तरीय बैठक आयोजित, ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा लगाया
टोडारायसिंह (टोंक)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टोडारायसिंह में जिला स्तरीय शिक्षा विभागीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से आए शिक्षा अधिकारियों का विद्यालय प्रवेश द्वार पर सीबीईओ अमित मीना, प्रधानाचार्य हंसराज जाट, उप प्राचार्य चंद्र प्रकाश कुर्मी, बीएम सिंह सहित विद्यालय परिवार ने ढोल-नगाड़ों के साथ तिलक-वंदन, पुष्पगुच्छ एवं भेंट कर स्वागत किया। बैठक का उद्घाटन सीडीओ एवं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेश शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
समीक्षा बैठक में नामांकन, प्रवेशोत्सव, संपर्क पोर्टल के प्रकरण, वृक्षारोपण, हरियाणा-राजस्थान कार्यक्रम, राजशाला संबलन, रात्रि विश्राम, नशा मुक्ति अभियान एवं आगामी चुनाव को लेकर स्वीप कार्यक्रम सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों, स्टाफ एवं विद्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों ने व्यापक विचार-विमर्श किया।
बैठक में विभिन्न प्रभागों के स्टाफ एवं कार्यालय के मध्य कार्य विभाजन, प्रार्थना सभा के प्रभावी क्रियान्वयन, वीडियो सॉन्ग, विभिन्न जांच प्रकरण, यूनिफॉर्म डीबीटी, मिड-डे-मील, छात्रवृत्तियों तथा नकारात्मक समाचारों से संबंधित विषयों की भी समीक्षा की गई। सभी सीबीईओ से बिंदुवार सूचनाएं संकलित की गईं।
सीडीईओ समग्र शिक्षा टोंक राजेश शर्मा ने जर्जर भवनों, खेलकूद प्रतियोगिताओं, सड़क सुरक्षा, जिला एवं ब्लॉक रैंकिंग, एफएलएन, सीबीए, शिक्षक एप, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, ज्ञान संकल्प एवं शाला दर्पण के विभिन्न मॉड्यूल सहित अन्य बिंदुओं पर सीबीईओ से रिपोर्टिंग ली। उन्होंने आगामी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद जिला स्तरीय शिक्षा विभागीय टीम ने सीडीईओ राजेश शर्मा की अगुवाई में ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत आम का पौधा लगाकर स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ लोकतांत्रिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक नरेंद्र कुमार गोयल, सीबीईओ टोडारायसिंह अमित मीना, सीबीईओ मालपुरा नाथूलाल कटारिया, सीबीईओ उनियारा सीताराम मीणा, सीबीईओ निवाई मंजू मीना, सीबीईओ पीपलू कृष्णा चौधरी, सीबीईओ अर्जुन लाल बुनकर, एडीईओ सीताराम साहू, कृष्ण गोपाल शर्मा, महेश चंद शर्मा, एआईएन डीके जैन सहित समस्त एसीबीईओ प्रथम उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एसीबीईओ कमलेश कुमार शर्मा ने किया।


