15 वार्ड, 17 नामांकन… कांग्रेस आगे, भाजपा का खाता अब तक नहीं खुला
मालपुरा (टोंक)। पंचायत समिति मालपुरा के 15 वार्डों में सदस्य पद के नामांकन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। अब तक कुल 17 नामांकन दाखिल हो चुके हैं, लेकिन खास बात यह है कि इनमें से एक भी नामांकन भाजपा की ओर से दाखिल नहीं हुआ है। सभी 17 नामांकन कांग्रेस से दावेदारी कर रहे प्रत्याशियों की ओर से प्रस्तुत किए गए हैं।
नामांकन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। ऐसे में अंतिम दिन दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। खास बात यह भी है कि कांग्रेस और भाजपा ने अभी तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। ऐसे में टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। भाजपा की ओर से अभी तक एक भी नामांकन दाखिल नहीं होने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं कांग्रेस खेमे में 17 नामांकन दाखिल होने के बाद मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब सबकी नजरें 23 अक्टूबर को होने वाले नामांकन के अंतिम दिन पर टिकी हैं, जब दोनों दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने आने के साथ चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।


