देवली में 2 करोड़ की अवैध शराब का बड़ा खेल पकड़ा
कंटेनर में पंजाब निर्मित शराब के 1500 कार्टून बरामद, 48,492 बोतल-हाफ-पव्वे जब्त; चालक गिरफ्तार
देवली (टोंक)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ टोंक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब से भरे एक कंटेनर को पकड़ा है। डीएसटी टीम टोंक और थाना देवली की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 1500 कार्टून अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई है। मामले में कंटेनर चालक हीराराम जाट (27) निवासी साजटा, थाना सदर बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को कंटेनर नंबर RJ 19 GF-7361 की जांच की गई। कंटेनर से ऑल सीजन, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसमें 360 कार्टून में 4320 बोतल, 293 कार्टून में 3516 हाफ और 847 कार्टून में 40,656 पव्वे मिले।
पुलिस ने चालक से शराब के परिवहन का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब और कंटेनर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने धारा 19/54 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर तस्करी के नेटवर्क और शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई एसपी रोशन मीना के निर्देशन में की गई।


