6 साल की अश्मी ने रचा इतिहास, रामायण के 81 सवालों के दिए जवाब
बूंदी। जिले की महज 6 वर्षीय अश्मी पारीक ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति और प्रतिभा के दम पर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अश्मी को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2026 में ‘IBR अचीवर’ के खिताब से सम्मानित किया गया है।

रिकॉर्ड के अनुसार अश्मी ने महज 8 मिनट 17 सेकंड में रामायण से जुड़े 81 प्रश्नों के उत्तर हिंदी में देकर अपनी असाधारण स्मरण शक्ति का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने एक मिनट में भारत के 28 राज्यों की राजधानियां भी याद करके सुनाईं।
अश्मी का जन्म 13 सितंबर 2020 को हुआ था। उनकी इस उपलब्धि की आधिकारिक पुष्टि 3 अक्टूबर 2026 को की गई। रिकॉर्ड से संबंधित आवेदन आईडी 18922 है।
बेटी की इस उपलब्धि पर पिता अशोक पारीक और माता महिमा पारीक ने खुशी जताई। परिवारजनों और शुभचिंतकों ने अश्मी को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महज छह वर्ष की उम्र में स्मरण शक्ति और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन कर अश्मी ने यह साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।

