सोडा में सरपंच चुनाव ने पकड़ा सियासी जोर, मोना राजेन्द्र शर्मा के समर्थन में उतरे डॉ. जीएल शर्मा और पूर्व सरपंच धन्नालाल पारीक
डॉ. जीएल शर्मा का विरोधियों पर तंज- आखिर सरपंच पद में ऐसा कौनसा शहद लगा है कि चुनाव आते ही बार-बार वही लोग मैदान में उतर जाते हैं, अब युवाओं को भी मिले नेतृत्व का अवसर; धन्नालाल पारीक बोले- ऐसा सरपंच चुनें जिसके लिए छोटे-मोटे कामों को लेकर चक्कर नहीं काटने पड़ें
मालपुरा (टोंक)। ग्राम पंचायत सोडा में सरपंच पद को लेकर चुनावी मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। चुनाव प्रचार के बीच प्रत्याशियों के समर्थन में स्थानीय प्रभावशाली लोगों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में सरपंच प्रत्याशी मोना राजेन्द्र शर्मा के समर्थन में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जीएल शर्मा और पूर्व सरपंच धन्नालाल पारीक भी चुनाव प्रचार के मैदान में उतर आए हैं। दोनों के समर्थन में आने से सोडा ग्राम पंचायत का चुनावी माहौल और अधिक चर्चाओं में आ गया है।

मोना राजेन्द्र शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क के दौरान डॉ. जीएल शर्मा ने ग्रामीणों के बीच अपनी बात रखते हुए विरोधियों पर राजनीतिक अंदाज में तंज कसा। उन्होंने कहा कि आखिर सरपंच पद में ऐसा कौनसा शहद लगा है कि चुनाव आते ही बार-बार वही लोग सरपंच पद के चुनाव मैदान में उतर जाते हैं। अब गांव के युवाओं को भी नेतृत्व करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव की राजनीति में नए चेहरों और नई सोच को भी आगे आने का मौका मिलना चाहिए, ताकि पंचायत के विकास को लेकर नई ऊर्जा के साथ काम किया जा सके।

मोना की जीत पर विकास में सहयोग का भरोसा
डॉ. जीएल शर्मा ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि यदि मोना राजेन्द्र शर्मा सरपंच पद पर विजयी होती हैं तो गांव के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यहां तक कहा कि जरूरत पड़ने पर वे अपने निजी धन से भी गांव के विकास कार्यों में सहयोग करने के लिए तैयार रहेंगे। उनके इस बयान से जनसंपर्क के दौरान चुनावी चर्चाओं को नई दिशा मिली।

पूर्व सरपंच धन्नालाल पारीक ने जनता के बीच रहने वाले सरपंच को चुनने की अपील की
वहीं पूर्व सरपंच धन्नालाल पारीक ने भी ग्रामीणों से संपर्क कर मोना राजेन्द्र शर्मा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण ऐसे व्यक्ति को अपना सरपंच चुनें, जो हमेशा जनता के बीच रहे और आमजन की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए तत्पर रहे। छोटे-मोटे कामों के लिए ग्रामीणों को बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही समाधान हो। उन्होंने कहा कि सरपंच ऐसा होना चाहिए, जिससे आम ग्रामीण आसानी से मिल सके और अपनी परेशानी खुलकर बता सके।
नेतृत्व और विकास के मुद्दों पर चुनावी चर्चा
सोडा ग्राम पंचायत में इस बार सरपंच पद का चुनाव केवल प्रत्याशियों के बीच मुकाबले तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि गांव में नेतृत्व, विकास और आमजन की समस्याओं के समाधान जैसे मुद्दे भी चर्चा का विषय बन रहे हैं। डॉ. जीएल शर्मा के बयान के बाद युवाओं को नेतृत्व का अवसर देने और धन्नालाल पारीक की ओर से जनता के बीच उपलब्ध रहने वाले सरपंच की बात ने चुनावी चर्चा को और विस्तार दिया है। अब चुनाव प्रचार के आगामी दौर में ग्रामीणों के बीच जनसंपर्क और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा जारी है।


