सरकार बिजली बचाने के लिए दे रही सब्सिडी, इधर नगरपालिका दिनदहाड़े फूंक रही बिजली!
लाम्बाहरिसिंह में गली-मोहल्लों की स्ट्रीट लाइटें दिन में भी रोशन,
कई जगह बिना अलग कनेक्शन और स्विच-टाइमर के सीधे लाइन से जोड़ने की शिकायत; विद्युत निगम और पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
लाम्बाहरिसिंह (टोंक)। एक तरफ केंद्र और राज्य सरकार बिजली की खपत कम करने तथा ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए आमजन को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। इसके लिए सरकार की ओर से सब्सिडी तक दी जा रही है, ताकि घरेलू बिजली की निर्भरता कम हो और ऊर्जा की बचत हो सके। वहीं दूसरी ओर लाम्बाहरिसिंह नगरपालिका क्षेत्र में दिनदहाड़े जलती स्ट्रीट लाइटें सरकारी बिजली की खपत और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। शहर की सड़कों और गली-मोहल्लों में लगी रोड लाइटें दोपहर के समय भी जलती नजर आ रही हैं। ऐसे में सवाल है कि जब बिजली बचाने का संदेश आमजन को दिया जा रहा है तो सरकारी व्यवस्था में ऊर्जा संरक्षण की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
बिना स्विच-टाइमर कैसे हो रहा संचालन?
सूत्रों के अनुसार, मुख्य मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटें पूर्व पंचायत के समय लिए गए विद्युत कनेक्शन से संचालित हो रही हैं, जिन्हें बाद में नगरपालिका के नाम स्थानांतरित किया गया। वहीं अंदरूनी गली-मोहल्लों में लगी कई स्ट्रीट लाइटों के लिए अलग विद्युत कनेक्शन, स्वीकृति और नियंत्रण व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ स्थानों पर लाइटों के तार सीधे एलटी विद्युत लाइन से जोड़ दिए गए हैं। यदि ऐसा है तो यह विद्युत निगम की स्वीकृति, कनेक्शन और सुरक्षा मानकों के लिहाज से जांच का विषय है।
बिजली की बर्बादी के साथ हादसे का भी खतरा
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 घंटे विद्युत आपूर्ति वाली लाइन से लाइटें जुड़ी होने के कारण वे रात के साथ दिन में भी जलती रहती हैं। कई स्थानों पर खुले और अव्यवस्थित तार विद्युत सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा करते हैं। इससे अनावश्यक बिजली खपत के साथ शॉर्ट सर्किट और करंट से हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
विद्युत विभाग के नोटिस की चर्चा, पालिका में हलचल के आसार
सूत्रों की मानें तो स्ट्रीट लाइटों के विद्युत कनेक्शन और संचालन व्यवस्था को लेकर विद्युत विभाग की ओर से जल्द ही नगरपालिका लाम्बाहरिसिंह को नोटिस जारी किया जा सकता है। हालांकि, नोटिस जारी होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जाता है तो पालिका को विद्युत कनेक्शनों की वैधता, स्वीकृति और बिजली खपत को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ सकती है।
जवाबदेही किसकी, जांच करेगा कौन?
नियमानुसार सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था के लिए विद्युत वितरण निगम की स्वीकृति, निर्धारित कनेक्शन और सुरक्षित वायरिंग व्यवस्था जरूरी है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या नगरपालिका ने सभी स्ट्रीट लाइटों के लिए विधिवत विद्युत कनेक्शन और स्वीकृति ले रखी है? यदि कनेक्शन हैं तो दिन में लाइटें बंद रखने के लिए टाइमर या स्विच की व्यवस्था क्यों नहीं है? क्या विद्युत निगम ने कभी इन कनेक्शनों और बिजली खपत की जांच की?
अब जरूरत है कि नगरपालिका प्रशासन और विद्युत वितरण निगम संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था का निरीक्षण करें। कनेक्शन की वैधता, वायरिंग, मीटर और बिजली खपत की जांच कर दिन में जलने वाली लाइटों को बंद करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सरकार जब एक-एक यूनिट बिजली बचाने के लिए आमजन को जागरूक कर रही है, तो क्या सरकारी तंत्र खुद बिजली बचाने की मिसाल पेश करेगा या दिनदहाड़े यूं ही बिजली बर्बाद होती रहेगी?


