वार्ड 13 में लाली देवी जांगिड़ की दावेदारी से कांग्रेस में बढ़ी हलचल
पूर्व पंचायत समिति सदस्य ने ठोकी ताल, राजनीतिक अनुभव और पुराने चुनावी प्रदर्शन के दम पर मांगा टिकट
मालपुरा। पंचायत समिति मालपुरा के वार्ड संख्या 13 में कांग्रेस टिकट को लेकर पूर्व पंचायत समिति सदस्य लाली देवी जांगिड़ ने अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ा दी हैं। सोडा बावड़ी एवं सीतारामपुरा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी के साथ उन्होंने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी मजबूत दावेदारी रखी है।
लाली देवी जांगिड़ वार्ड संख्या 18 से पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। वर्ष 2021 में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में उन्होंने 165 मतों से जीत दर्ज की थी। वहीं, उनके पति प्रेमचंद जांगिड़ वर्ष 2010 में सरपंच का चुनाव 335 मतों से जीत चुके हैं। वे वर्तमान में कांग्रेस के ब्लॉक सचिव एवं समाज के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं।
लाली देवी की दावेदारी के बीच अब सबकी निगाहें कांग्रेस के टिकट चयन पर टिकी हैं। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों से मिल रहे समर्थन को लेकर उनके समर्थक उत्साहित हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व के सामने अनुभवी पूर्व सदस्य पर भरोसा जताने या किसी नए चेहरे को अवसर देने का विकल्प रहेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि वार्ड 13 में कांग्रेस किसके नाम पर मुहर लगाती है।


