पंचायती राज चुनाव: चौथे चरण का बिगुल आज, चार पंचायत समितियों में लोक सूचना होगी जारी
निवाई, टोंक, मालपुरा (आंशिक) और टोडारायसिंह में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 4 नवंबर तक भरे जाएंगे नामांकन
टोंक। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में चुनावी प्रक्रिया अब चौथे चरण में प्रवेश करने जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के चरणवार कार्यक्रम के अनुसार शनिवार, 31 अक्टूबर को जिले की चार पंचायत समितियों निवाई, टोंक, मालपुरा (आंशिक) और टोडारायसिंह में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए निर्वाचन की लोक सूचना जारी होगी। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 4 नवंबर तक अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। 5 नवंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 6 नवंबर को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे तथा चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
नामांकन के साथ इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
निर्वाचन प्रक्रिया में नामांकन दाखिल करते समय अभ्यर्थियों को निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। नाम निर्देशन पत्र प्रारूप-4 क के सभी कॉलम भरना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार प्रारूप-4 घ में भी कोई कॉलम खाली नहीं छोड़ना है।
अभ्यर्थियों को 50 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। शपथ पत्र के प्रत्येक पृष्ठ पर अभ्यर्थी के हस्ताक्षर तथा नोटेरी से सत्यापन आवश्यक रहेगा। इसके अतिरिक्त कार्यशील शौचालय संबंधी घोषणा पत्र, अदेयता प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
चौथे चरण की लोक सूचना जारी होने के साथ ही चारों पंचायत समितियों में दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है। अब राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की नजर नामांकन प्रक्रिया पर रहेगी।


