नामी घी कंपनियों की फर्जी पैकेजिंग तैयार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
निवाई के रीको औद्योगिक क्षेत्र में DST टोंक की कार्रवाई, हजारों रैपर-लेबल और पैकिंग सामग्री बरामद
निवाई (टोंक)। जिला स्पेशल टीम (DST) टोंक ने निवाई के रीको औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नामी घी कंपनियों के नाम से फर्जी पैकेजिंग सामग्री तैयार करने वाली यूनिट का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार यहां सरस, अमूल, मधुसूदन, कृष्णा और महावन सहित अन्य ब्रांडों के नाम से नकली रैपर, लेबल, टीन-पीपे और अन्य पैकिंग सामग्री तैयार की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमन जैन (30) निवासी जमात, निवाई को हिरासत में लिया है। मौके से करीब एक लाख रुपये नकद, ग्रैंड विटारा कार, हजारों फर्जी टीन-पीपे, रैपर, लेबल, डाई तथा पैकिंग मशीनरी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक सरस, कृष्णा और महावन घी के हजारों फर्जी पैकिंग रैपर तथा अमूल और मधुसूदन के नाम से पैकेजिंग सामग्री भी मिली है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मौके से नकली घी बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक कार्रवाई में यहां मुख्य रूप से नकली घी के लिए पैकेजिंग सामग्री तैयार किए जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार की जा रही यह सामग्री किन लोगों या गिरोहों तक पहुंचाई जाती थी तथा इसके पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।


