पंचायत चुनाव : गांव की सरकार, अब सवाल काम का
पंचायत चुनाव फिर सामने हैं और गांवों की चौपालें एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं से गुलजार होने लगी हैं। कहीं संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा है तो कहीं जातीय समीकरणों और राजनीतिक जोड़-तोड़ का हिसाब लगाया जा रहा है। समर्थक सक्रिय हैं, दावेदार संपर्क में हैं और चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। लेकिन इस पूरे शोर के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार पंचायत चुनाव मुद्दों पर होंगे या फिर वही पुराने समीकरण जीत का आधार बनेंगे? 
पंचायत केवल चुनाव जीतने का मंच नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की पहली सीढ़ी है। सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक भूमि और सरकारी योजनाओं का लाभ—इन सभी का सीधा संबंध पंचायतों से है। इसलिए मतदाता को प्रत्याशी की भीड़, प्रभाव और चुनावी खर्च से अधिक उसके काम करने की क्षमता को देखना होगा।
दुर्भाग्य से चुनाव आते ही विकास के मुद्दे कई बार पीछे छूट जाते हैं। जाति, रिश्तेदारी, व्यक्तिगत नाराजगी और राजनीतिक प्रभाव आगे आ जाते हैं। चुनाव के दौरान किए गए वादे मतदान के बाद अक्सर फाइलों और आश्वासनों में दब जाते हैं। यही वह परंपरा है जिसे बदलने की जरूरत है।
इस बार गांव का मतदाता प्रत्याशियों से सवाल पूछे—पांच साल में क्या करेंगे? पंचायत की प्राथमिक समस्याएं क्या हैं? सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक कैसे पहुंचेगा? सार्वजनिक धन के खर्च में पारदर्शिता कैसे रहेगी?
लोकतंत्र में मजबूत पंचायत केवल अच्छे प्रत्याशी से नहीं, बल्कि जागरूक मतदाता से बनती है। इसलिए चुनाव किसी व्यक्ति या पार्टी की जीत भर नहीं होना चाहिए। यह गांव के भविष्य का फैसला है।
इस बार वोट रिश्तों पर नहीं, काम की सोच पर हो। चेहरे नहीं, चरित्र और क्षमता देखी जाए। क्योंकि पंचायत की कुर्सी पांच साल की होती है, लेकिन गलत चुनाव का असर पूरे गांव को वर्षों तक भुगतना पड़ सकता है।


