देशमा में कांता देवी के समर्थन में पदमचंद वर्मा का तूफानी जनसंपर्क, घर-घर और ढाणी-ढाणी पहुंच मांगा समर्थन, जगह-जगह हुआ स्वागत
मालपुरा (टोंक)। पंचायतीराज चुनाव को लेकर देशमा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। प्रत्याशियों ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सरपंच पद की प्रत्याशी कांता देवी के समर्थन में उनके प्रतिनिधि पदमचंद वर्मा ने गांव के विभिन्न मोहल्लों और ढाणियों में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा समर्थन और आशीर्वाद मांगा।

जनसंपर्क अभियान के दौरान पदमचंद वर्मा ने महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को जाना। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उनके सामने रखे। पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, नालियों की समस्या, नियमित साफ-सफाई, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई।

पदमचंद वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत का विकास तभी संभव है, जब सभी वर्गों को साथ लेकर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। उन्होंने गांव की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार करने और महिला सम्मान को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक परिवार की जरूरतों और समस्याओं को समझते हुए विकास की दिशा में काम करना आवश्यक है।
जनसंपर्क के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पदमचंद वर्मा का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा साफा पहनाकर सम्मान किया। स्वागत के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। अभियान में समर्थक भी साथ रहे और ग्रामीणों से संपर्क कर कांता देवी के पक्ष में समर्थन की अपील की। देशमा ग्राम पंचायत में चुनावी गतिविधियों के बीच प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान लगातार गति पकड़ रहा है।


