स्ट्रीट लाइट मांगते पार्षद, लाखों का अस्थायी चैंबर बनाती पालिका ! आखिर प्राथमिकता क्या ?
मालपुरा (टोंक)। शहर की राजनीति में अब विकास की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर नवनिर्वाचित पार्षद अपने वार्डों में अंधेरे से निजात दिलाने के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंप रहे हैं, तो दूसरी ओर नवनिर्वाचित चेयरमैन के लिए पशु चिकित्सालय परिसर में लाखों रुपए खर्च कर अस्थायी चैंबर तैयार किया जा रहा है।
परिसीमन के बाद पालिका में वार्डों की संख्या 40 हो चुकी है। कई वार्डों में सड़क, नाली, सफाई, रोशनी और जलभराव जैसी समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। ऐसे में सवाल है कि जनता की मूलभूत जरूरतों के बीच अस्थायी चैंबर पर लाखों खर्च करना पालिका की प्राथमिकता कैसे बन गया? जब पालिका परिसर में पहले से चेयरमैन कक्ष बना हुआ है, जिसका उपयोग नहीं हुआ और नया पालिका भवन भी अन्य स्थान पर प्रस्तावित है, तो फिर यह नया अस्थायी चैंबर क्यों? किसकी स्वीकृति से, कितनी लागत में और किस प्रक्रिया के तहत निर्माण कराया जा रहा है? जनता अब इन सवालों के जवाब चाहती है।


