टोंक की 28 गाइड राष्ट्रपति अवॉर्ड जांच शिविर के लिए चयनित
उदयपुर में 24 से 28 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा राज्य स्तरीय शिविर, स्काउट गाइड प्रमाण पत्र से रोजगार के अवसरों में भी मिलती है सहायता
टोंक। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्यालय टोंक से 28 गाइड का चयन उदयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रपति अवॉर्ड जांच शिविर के लिए हुआ है। यह शिविर 24 से 28 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें टोंक जिले की चयनित गाइड भाग ले रही हैं।
सीओ स्काउट सुरेन्द्र मेहरड़ा ने बताया कि शिविर में राउमावि बनस्थली, कठमाणा, एसवीजीएमएस टोडा, राउमावि देवड़ावास तथा गार्गी ओपन टीम टोंक की गाइड शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्काउट एवं गाइड में राष्ट्रपति अवॉर्ड सर्वोच्च सम्मान है। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों का विकास होता है।
मेहरड़ा ने बताया कि राष्ट्रपति अवॉर्ड का प्रमाण पत्र विद्यार्थियों के भविष्य में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विभिन्न भर्तियों में नियमानुसार स्काउट-गाइड प्रमाण पत्र के आधार पर अंक या अन्य लाभ मिल सकते हैं। संविदा भर्तियों में भी कुछ पदों पर प्रमाण पत्र के अंक जुड़ने का प्रावधान है। इसके अलावा रेलवे में स्काउट-गाइड कोटे के तहत समय-समय पर भर्ती के अवसर उपलब्ध होते हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार की ओर से राष्ट्रपति अवॉर्ड प्राप्त करने वाले स्काउट-गाइड को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिविर में भाग लेने वाली गाइड अपने कौशल, अनुशासन और सेवा भावना का बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।

