रात होते ही खेतों पर चोरों की नजर! मोटर-केबल चोरी से किसान बेहाल, एडिशनल एसपी से लगाई गुहार
मालपुरा (टोंक)। खेतों में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मोटर, केबल और स्टार्टर चोरी करने की बढ़ती वारदातों ने किसानों की नींद उड़ा दी है। लगातार हो रही चोरियों से परेशान किसानों और ग्रामीणों ने अब सीधे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत सौंपकर चोरियों पर तत्काल अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

किसानों के अनुसार टोडा रोड, धानोंता रोड और कल्याणपुरा रोड के खेत लगातार चोरों के निशाने पर हैं। रात होते ही चोर खेतों में घुसकर सिंचाई मोटर, स्टार्टर और कीमती केबल खोलकर ले जा रहे हैं। मोटर चोरी होने से खेतों में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों को फसल बचाने के लिए दोबारा मोटर व केबल खरीदने का आर्थिक भार उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी चोरी की घटनाओं की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से वारदातों पर रोक नहीं लगी। किसानों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोर गिरोह का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत देने वालों में कालू, जकूर, लुकमान, अलताफ, रामू, शमशुद्दीन, जाबेद और शांति देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। यह जानकारी पूर्व पार्षद अतीक हसन ने दी।


