तेजाजी के जयकारों से गूंजा टोडारायसिंह, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
तेजा दशमी पर जगह-जगह मेले, भजनों पर झूमे श्रद्धालु; भासू में निकली तेजाजी महाराज की बिंदौरी
टोडारायसिंह (टोंक)। कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का तेजा दशमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर मेले आयोजित हुए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर तेजाजी महाराज के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
कस्बे के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित तेजाजी महाराज के मंदिर में आयोजित मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की भीड़ रही। अलगोजे और ढोलक की थाप पर श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के भजन गाए। वहीं तेजाजी के घोड़े के समक्ष श्रद्धालुओं ने अपनी पीड़ा के निवारण की कामना की।
ग्राम बस्सी और कंवरावास में भी तेजाजी महाराज के विशाल मेले आयोजित हुए। ग्राम भासू में ग्रामीणों ने तेजाजी महाराज की बिंदौरी निकाली, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर तेजाजी महाराज के स्थान पर पहुंची।
इसके अलावा गोलेहड़ा, रामपुरा, बोटूंदा, हमीरपुर, लांबाकला, बावड़ी, गणेती, गणेता, थडोली, सांडला, बासेड़ा, गोपालपुरा, माधोगंज, मोरभाटियान और खरेड़ा सहित अनेक गांवों में धार्मिक आयोजन हुए।


