पीपलू नगरपालिका के उपाध्यक्ष बने राजेश कुमार शर्मा, भाजपा का परचम
12 वोट लेकर कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज डोई को 4 मतों से हराया, प्रमाण पत्र मिलते ही समर्थकों में दौड़ी खुशी की लहर
पीपलू (टोंक)। पीपलू नगरपालिका के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार शर्मा ने जीत दर्ज कर उपाध्यक्ष पद हासिल किया। चुनाव में राजेश कुमार शर्मा को 12 मत, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज डोई को 8 मत मिले। इस प्रकार राजेश शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 4 मतों के अंतर से पराजित किया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर कपिल कोठारी ने राजेश कुमार शर्मा को निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रमाण पत्र मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जीत पर एक-दूसरे को बधाई दी।
राजेश कुमार शर्मा वार्ड संख्या 17 से भाजपा के पार्षद निर्वाचित हुए थे। उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष रमेश वर्मा एवं सभी पार्षदों के साथ मिलकर पीपलू के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के साथ नगरपालिका क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। नगरपालिका के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया जाएगा।


