नशे के कारोबार पर टोंक पुलिस का बड़ा प्रहार, सरकारी अस्पताल का मेल नर्स गिरफ्तार
टोंक। नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत टोंक पुलिस ने नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अस्पताल के मेल नर्स अकबर खान मंसूरी को गिरफ्तार किया है। DST टीम और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शहर के कालीपलटन क्षेत्र स्थित एक मकान से भारी मात्रा में दवाइयां और 47,270 रुपए नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार मकान की तलाशी के दौरान अल्प्राजोलम की 530 टैबलेट, ट्रामाडोल के 315 इंजेक्शन, डेक्सामेथासोन के 400, एमिकासिन के 200, फिनिरमिन मैलिएट के 200, मेटोक्लोप्रमाइड के 89, डाइसाइक्लोमाइन के 50, जेंटामाइसिन के 50, रैनिशन के 124, एटोफिलिन-थियोफिलिन के 80, पैंटोप्राजोल सोडियम के 16, एमिकासिन सल्फेट के 21 तथा हाइड्रोकार्टिसोन सोडियम सक्सिनेट के 24 इंजेक्शन सहित अन्य दवाइयां बरामद की गईं।
पुलिस ने दवाइयों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां कहां से लाई गईं और इनके अवैध कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।


