दोलता मोड़ से पहली पैदल यात्रा पहुंची श्री सांवरिया सेठ मंदिर, जयकारों से गूंजा मार्ग
देवली (टोंक)। देवली उपखंड के अम्बापुरा स्थित दोलता मोड़ से रविवार को श्री सांवरिया सेठ मंदिर, निर्माणाधीन हनुमान नगर के लिए प्रथम पैदल यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘सांवरिया सेठ के जयकारों’ से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया।
गणेश मंडल समिति के सदस्य दशरथ शर्मा ने बताया कि श्री गणेश मंडल अम्बापुरा के तत्वावधान में रविवार सुबह 11 बजे गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ प्रथम पदयात्रा रवाना हुई। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए यात्रा में आगे बढ़े। पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।
यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की ओर से पदयात्रियों का स्वागत किया गया। भामाशाह के.पी. सिंह नरूका सहित अन्य भामाशाहों एवं श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों के लिए फल-फ्रूट, चाय-बिस्किट, जलपान, ठंडाई एवं पेयजल की व्यवस्था की।
समिति सदस्यों दशरथ शर्मा, ओमप्रकाश सेन, अजय मेवाड़ा, के.पी. सिंह नरूका, खुशीराम धाकड़, टीकम शर्मा, घनश्याम जांगिड़ एवं धर्मराज शर्मा सहित अन्य ने बताया कि पदयात्रा दोपहर करीब 3 बजे श्री सांवरिया सेठ मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मंदिर पर ध्वज चढ़ाया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना को लेकर यह प्रथम पैदल यात्रा शुरू की गई है। श्रद्धालुओं में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति ने बताया कि अब यह पदयात्रा प्रतिवर्ष आयोजित की जाएगी।


