राजनीति में फिर सक्रिय हुईं छवि राजावत, सोडा में जनसंपर्क से चुनावी सरगर्मी तेज
‘बाईसा’ के मैदान में उतरते ही सरपंच पद की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज, रामजीपुरा, गणेशपुरा, गोपालपुरा और सोडा में ग्रामीणों से किया संपर्क
सोड़ा/मालपुरा (टोंक)। ग्राम पंचायत सोडा की राजनीति में छवि राजावत की सक्रियता से एक बार फिर हलचल तेज होती नजर आ रही है। बुधवार को छवि राजावत ने रामजीपुरा ढाणी, गणेशपुरा ढाणी, गोपालपुरा और सोडा गांव में ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। उनके इस दौरे के बाद सरपंच पद के लिए दावेदारी जता रहे अन्य संभावित प्रत्याशियों के बीच भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

गांव में ‘बाईसा’ के नाम से पहचानी जाने वाली छवि राजावत पूर्व में दो बार ग्राम पंचायत सोडा की सरपंच रह चुकी हैं। उन्हें भारत की पहली एमबीए डिग्रीधारी सरपंच के रूप में भी पहचान मिली थी। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और पूर्व का सरपंच कार्यकाल उन्हें क्षेत्र की चर्चित शख्सियतों में शामिल करता है।

बुधवार को जनसंपर्क के दौरान उन्होंने विभिन्न ढाणियों और गांव में ग्रामीणों से मुलाकात कर संवाद किया। उनकी राजनीतिक सक्रियता को आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सरपंच पद के लिए उनकी ओर से आधिकारिक उम्मीदवारी की घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, स्थानीय चर्चाओं और सूत्रों के हवाले से उनके जनसंपर्क को ग्रामीणों के बीच मिल रहे समर्थन से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि छवि राजावत आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश करती हैं या नहीं।


