राज उच्च माध्यमिक विद्यालय मालपुरा का दबदबा, सॉफ्टबॉल में 11-0 से शानदार जीत
मालपुरा (टोंक)। जिले में आयोजित 70वीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में राज उच्च माध्यमिक विद्यालय मालपुरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम ने मॉडल स्कूल मालपुरा को 11-0 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
वीर तेजा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लांबाहरिसिंह में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में राज उच्च माध्यमिक विद्यालय की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम के शानदार तालमेल और बेहतरीन खेल के सामने विपक्षी टीम टिक नहीं सकी।

टीम प्रभारी व्याख्याता रमेश गियाड़ ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद टीम ने खिताब पर कब्जा जमाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश धांधा ने विजेता खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारी को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।


