शतरंज, टेबल टेनिस और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का समापन, विजेता खिलाड़ियों का सम्मान
मालपुरा (टोंक)। जिलास्तरीय 70वीं शतरंज, टेबल टेनिस एवं तीरंदाजी क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का समापन समारोह शनिवार को उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर मालपुरा में आयोजित हुआ। समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को भारत विकास परिषद की ओर से मेडल, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं में सहयोग करने वाले शारीरिक शिक्षकों, अध्यापकों एवं टीम प्रभारियों को भी स्मृति चिन्ह, मेडल एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि प्रतियोगिता संयोजक आदर्श विद्या मंदिर पुरानी तहसील में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता 20 से 23 सितंबर तक आयोजित हुई। इसके बाद 23 से 26 सितंबर तक शतरंज एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
समापन समारोह में डीईओ प्रतिनिधि राकेश कुमार गोयल, व्याख्याता उपस्थित रहे। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन ने विजेता खिलाड़ियों एवं राज्य स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रवक्ता दिनेश विजय ने बताया कि कार्यक्रम में अभिषेक टेलर, राजेंद्र सेन, अशोक साहू सहित परिषद के सदस्य, दल प्रमुख, शारीरिक शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे। अंत में उपप्रधानाचार्य जटाशंकर शर्मा ने प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों तथा भारत विकास परिषद का आभार व्यक्त किया।


