गुरुजनों को तिलक लगाकर बांधा रक्षा सूत्र, संस्कृत दिवस पर विद्यार्थियों ने जाना भाषा का महत्व
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुहाड़ा बुजुर्ग में संस्कृत दिवस एवं रक्षाबंधन पर्व उत्साह से मनाया
टोडारायसिंह (टोंक)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुहाड़ा बुजुर्ग में गुरुवार को देव एवं वेद भाषा संस्कृत दिवस तथा रक्षाबंधन पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा तथा रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
संस्था प्रधान कैलाश जांगिड़ ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन पर्व की महत्ता बताते हुए कहानी के माध्यम से पर्व की सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को आपसी एकता, भाईचारे और सद्भावना के सूत्र में बंधकर आगे बढ़ना चाहिए।
संस्कृत दिवस के अवसर पर शिक्षक आनंद पारीक ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्कृत को देववाणी तथा वेदों की भाषा माना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा की विशेषताओं, वैज्ञानिकता एवं भारतीय संस्कृति में इसके योगदान के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में शिक्षक इंद्रपाल चौधरी, शंकर लाल बैरवा, श्रवण सिंह, आनंद पारीक, राजेश बड़वा, सांवर लाल जाट, मनीष चौधरी, नरेंद्र धाकड़, लालाराम बैरवा एवं शारीरिक शिक्षक विजेंद्र जाट सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।


