टोंक की सीनियर और सब-जूनियर दोनों टीमों ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
मालपुरा (टोंक)। राजस्थान बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में मालपुरा में आयोजित 9वीं सीनियर स्टेट बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 एवं 8वीं सब-जूनियर स्टेट बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन मंगलवार को खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टोंक की सीनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की पुरुष और महिला टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर जिले की पदक उम्मीदों को मजबूत किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहम्मद इशाक नकवी ने बताया कि टोंक की टीमों ने प्रतियोगिता में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। आयोजन सचिव रामअवतार जैन कदिला ने बताया कि दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
सीनियर पुरुष वर्ग में टोंक ने चूरू को 35-32, 35-30 से पराजित किया। इसके बाद ब्यावर को 35-27, 35-29 से हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान पक्का किया। अन्य मुकाबलों में जयपुर ने बीकानेर को हराया तथा कोटा के खिलाफ 35-25, 32-35, 35-20 से जीत दर्ज की। नागौर ने बीकानेर को 35-10, 35-10 और चूरू ने धौलपुर को 35-8, 35-9 से शिकस्त दी। बीकानेर ने कोटा को 35-28, 35-30 तथा चित्तौड़गढ़ ने बीकानेर को 35-28, 35-33 से हराया।
सीनियर महिला वर्ग में भी टोंक की टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। टोंक ने बीकानेर को 35-20, 35-32 से हराया तथा चूरू के खिलाफ जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जयपुर ने चित्तौड़गढ़ को 35-9, 35-12 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। बीकानेर ने चित्तौड़गढ़ को 35-30, 35-33 से तथा नागौर को भी पराजित किया, जबकि चित्तौड़गढ़ ने नागौर को 35-33, 35-32 से हराया।
सब-जूनियर वर्ग में भी टोंक की टीमों ने अपना दबदबा बनाए रखा। टोंक ने बीकानेर को 35-20, 35-32 से तथा चित्तौड़गढ़ को 35-32, 35-31 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अन्य मुकाबलों में बीकानेर ने चित्तौड़गढ़ को 35-30, 35-33 से हराया। चित्तौड़गढ़ ने नागौर को 35-33, 35-32 से पराजित किया। जयपुर ने अजमेर और भरतपुर के खिलाफ जीत दर्ज की, जबकि अजमेर और भरतपुर के मुकाबले में भरतपुर ने 35-29, 35-33 से जीत हासिल की।
आयोजन समिति के कोऑर्डिनेटर मोहम्मद इस्लाम नकवी ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम दिन बुधवार को क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद समापन समारोह आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया है।
टोंक की सीनियर एवं सब-जूनियर वर्ग की टीमों के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने से जिले के खेलप्रेमियों में उत्साह है और दोनों वर्गों में पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
दोनों राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 24 से 26 अगस्त 2026 तक मालपुरा में किया जा रहा है।


