नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर मंथन
टोंक। आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा टोंक जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी की गरिमामय उपस्थिति में भाग लिया।
बैठक में आगामी नगर निकाय चुनावों की रणनीति, संगठनात्मक तैयारियों, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान एवं चुनावी कार्ययोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक बूथ पर प्रभावी चुनावी प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सुशासन की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण, आपसी समन्वय और मजबूत संगठनात्मक रणनीति के साथ चुनावी मैदान में जुटें।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में बूथ स्तर का मजबूत प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम एवं जनता के विश्वास के बल पर आगामी नगर निकाय चुनावों में पार्टी प्रचंड विजय हासिल करेगी।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव को लेकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने का संकल्प लिया।


