पनवाड़ में ‘राखी से रक्षा’ अभियान को लेकर उत्साह, वीर जवानों को भेजीं 51 राखियां
देवली (टोंक)। रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर देवली उपखंड के पनवाड़ ग्राम स्थित उप डाकघर में ‘राखी से रक्षा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों को राखियां भेजकर ग्रामीणों की ओर से उनके प्रति स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।
उप डाकपाल राजेश्वर त्यागी तथा पोस्टमैन कजोड़ मल वर्मा एवं कजोड़ मल मीणा ने बताया कि अभियान के तहत अब तक पनवाड़ से कुल 51 राखियां वीर जवानों के लिए भेजी गई हैं।
अभियान में पनवाड़ निवासी महावीर प्रसाद माली, जिला अध्यक्ष टोंक ने 10 राखियां, ग्राम पंचायत प्रशासक सत्यनारायण माली ने 10, सेवानिवृत्त अध्यापक महावीर आर. नामा ने 5, समाजसेवी कार्यकर्ता राजकुमार खटीक ने 5 तथा पूर्व सरपंच पूरणमल वर्मा ने 5 राखियां भेजीं। इनके अलावा ग्रामीणों की ओर से भी राखियां भेजी गईं, जिससे कुल संख्या 51 तक पहुंची।
ग्रामीणों और विद्यार्थियों में उत्साह
‘राखी से रक्षा’ अभियान को लेकर पनवाड़ में ग्रामीणों, विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोगों ने अधिक से अधिक राखियां भेजने की अपील की, ताकि देश की सीमा पर तैनात सैनिक भाइयों तक बहनों का स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं पहुंच सकें।
विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की गई कि “एक भी राखी बिना बुकिंग के न रहे और हर सैनिक भाई तक हमारी भावनाएं पहुंचे।”
अभियान के माध्यम से रक्षाबंधन के पर्व पर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।


