मालपुरा में सियासी उठापटक: कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष भाजपा में शामिल, पूर्व भाजपा नेता ने थामा कांग्रेस का हाथ
मालपुरा (टोंक)। नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच मालपुरा में राजनीतिक दलों के बीच जोड़-तोड़ और दलबदल का दौर तेज हो गया है। अम्बापुरा क्षेत्र में कांग्रेस को झटका देते हुए कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता रामनारायण सैनी ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। वहीं दूसरी ओर पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता लक्ष्मण पेंटर ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। दोनों नेताओं के दल बदलने से स्थानीय राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष रामनारायण सैनी भाजपा में शामिल
अम्बापुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा नगर निकाय चुनाव प्रभारी संजीव भारद्वाज, शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र कुमार जैन, नगरपालिका चुनाव संयोजक राजकुमार जैन, पूर्व अध्यक्ष त्रिलोक चन्द जैन एवं शहर महामंत्री कन्हैयालाल शर्मा सहित मालपुरा एवं अम्बापुरा के भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में रामनारायण सैनी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सैनी को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सैनी के पार्टी में शामिल होने से अम्बापुरा क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलेगी। वहीं आगामी नगरपालिका चुनाव में भी उनके अनुभव और जनसंपर्क का पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पूर्व भाजपा नेता लक्ष्मण पेंटर कांग्रेस में शामिल
इधर, पूर्व पार्षद एवं भाजपा नेता लक्ष्मण पेंटर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे दिया। कांग्रेस के विधायक प्रत्याशी घासीलाला चौधरी ने उन्हें कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
लक्ष्मण पेंटर के कांग्रेस में शामिल होने के बाद स्थानीय राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। नगर निकाय चुनाव से पहले एक ओर कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष का भाजपा में जाना और दूसरी ओर भाजपा नेता का कांग्रेस में शामिल होना दोनों प्रमुख दलों के लिए स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
नगरपालिका चुनाव नजदीक आने के साथ ही मालपुरा में दलबदल और राजनीतिक गतिविधियों के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।


