सुरक्षा दीवार ढही, देवली-केकड़ी मार्ग पर हादसे का खतरा बढ़ा
मालेड़ा के पास बीसलपुर जलभराव क्षेत्र में क्षतिग्रस्त हुई दीवार, मरम्मत के बजाय मिट्टी डालने का लगाया आरोप
देवली (टोंक)। पुराने देवली-केकड़ी मार्ग पर मालेड़ा के पास बीसलपुर बांध के जलभराव क्षेत्र में सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार ढह जाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दीवार में काफी समय से छेद हो रहा था, जिसकी सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद स्थायी एवं पक्की मरम्मत कराने के बजाय क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी गई।
बताया गया कि गत दो दिनों में हुई तेज बारिश के दौरान पानी के बहाव से मिट्टी बह गई। इसके बाद पहले से कमजोर हो चुकी सुरक्षा दीवार वाहनों के लगातार दबाव के कारण ढह गई। दीवार ढहने के बाद सड़क के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कमजोर हो गई है।
वर्तमान में क्षतिग्रस्त स्थान के दोनों ओर केवल दो पाइप लगाए गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोग सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त नहीं मान रहे हैं। यह मार्ग देवली से केकड़ी और अजमेर की ओर जाने वाला प्रमुख मार्ग है तथा जलभराव क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में रात के समय या तेज गति से आने वाले वाहनों के लिए यह स्थान दुर्घटना का कारण बन सकता है। दो वाहनों के आमने-सामने से गुजरने के दौरान भी हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि दुर्घटना होने से पहले क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की तकनीकी जांच करवाकर मजबूत एवं स्थायी पक्का निर्माण कराया जाए। साथ ही मरम्मत होने तक मौके पर पर्याप्त बेरीकेडिंग, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को किसी अनहोनी से बचाया जा सके।


