स्वागत की मालाएं उतरें तो विकास की फाइलें चलें, 40 वार्डों को काम का इंतजार
मालपुरा (टोंक)। नगर पालिका चुनाव के बाद नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष व पार्षदों के स्वागत-सम्मान का दौर जारी है। माला-साफा और अभिनंदन के बीच अब जनता शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की उम्मीद लगाए बैठी है।

परिसीमन के बाद पालिका क्षेत्र का दायरा बढ़कर 40 वार्ड हो गया है। ऐसे में सफाई व्यवस्था, नियमित कचरा उठाव, नालियों की सफाई, बारिश के दौरान जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइट, टूटी-फूटी सड़कों व जगह-जगह फैले कचरे जैसी समस्याएं नए बोर्ड के सामने बड़ी चुनौती हैं। कई मोहल्लों में नालियों की सफाई समय पर नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर फैलता है, वहीं अंधेरे रास्तों पर स्ट्रीट लाइट की समस्या लोगों के लिए परेशानी बनी हुई है।. जनता ने जनप्रतिनिधियों को पांच साल के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। अब स्वागत-सम्मान के बाद जरूरत है कि बोर्ड जमीनी समस्याओं की सूची बनाकर समयबद्ध समाधान शुरू करे। जीत का सेहरा तभी सार्थक होगा, जब जनता के बीच विश्वास काम के जरिए कायम हो।


